माननीय प्रधानमंत्री की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब निर्माण के लिए संयुक्त उद्यम (ज्वाइंट वेंचर) की संभावना तलाशने हेतु स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) और इंडोनेशियाई इस्पात निर्माता पीटी क्राकाटाऊ स्टील (PT Kraka

Press Release
नई दिल्ली

नई दिल्ली, 08 जुलाई, 2026: सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी महारत्न इस्पात उत्पादक कंपनी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब के उत्पादन के लिए एक संयुक्त उद्यम स्थापित करने की संभावना तलाशने हेतु पीटी क्राकाटाउ स्टील (परसेरो) टीबीके., इंडोनेशिया (PT Krakatau Steel (Persero) Tbk., Indonesia) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है। इस समझौता ज्ञापन की घोषणा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा (6–8 जुलाई, 2026) के दौरान भारत और इंडोनेशिया की सरकारों के बीच उच्च स्तरीय बैठकों के अवसर पर की गई।

यह प्रस्तावित सहयोग दोनों कंपनियों की पूरक क्षमताओं को एक साथ लाता है। इंडोनेशिया दुनिया के सबसे समृद्ध निकल (Nickel) भंडारों में से एक तक पहुंच प्रदान करता है, जो स्टेनलेस स्टील के लिए एक आवश्यक कच्चा माल है, जबकि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के पास इस्पात उत्पादन, परियोजना निष्पादन तथा बड़े एकीकृत इस्पात संयंत्रों के संचालन का पांच दशकों से अधिक का अनुभव है। यह समझौता ज्ञापन भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ती औद्योगिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो मजबूत एवं अधिक सुदृढ़ विनिर्माण मूल्य श्रृंखलाओं (Manufacturing Value Chains) के निर्माण के लिए दोनों देशों के साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है।

प्रस्तावित संयुक्त उद्यम से यह अपेक्षा की जा रही है कि यह इंडोनेशिया के खनिज संसाधनों में मूल्य संवर्धन (Value Addition) को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत और ASEAN क्षेत्र में स्टेनलेस स्टील की बढ़ती मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह तकनीकी आदान-प्रदान, औद्योगिक सहयोग, कौशल विकास तथा दोनों देशों के सतत आर्थिक विकास के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा।

प्रस्तावित संयुक्त उद्यम से संबंधित अन्य विवरण, जिनमें परियोजना की क्षमता, निवेश संरचना, कार्यान्वयन कार्यक्रम (Implementation Schedule) तथा प्रौद्योगिकी विन्यास (Technology Configuration) शामिल हैं, व्यवहार्यता अध्ययन (Feasibility Studies) पूर्ण होने तथा दोनों संगठनों एवं संबंधित सरकारों से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त होने के बाद अंतिम रूप दिए जाएंगे।

यह सहयोग स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की विविध उत्पाद पोर्टफोलियो एवं मजबूत वैश्विक उपस्थिति के साथ विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी इस्पात कंपनी बनने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

इस अवसर पर टिप्पणी करते हुए, सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने कहा, "यह साझेदारी पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर भविष्य के लिए नई क्षमताओं के निर्माण के प्रति सेल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बुनियादी ढांचा, गतिशीलता, नवीकरणीय ऊर्जा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में स्टेनलेस स्टील की बढ़ती मांग के साथ विश्वसनीय कच्चे माल की उपलब्धता और रणनीतिक साझेदारियां पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई हैं। हमें विश्वास है कि पीटी क्राकाटाउ स्टील के साथ यह सहयोग दोनों कंपनियों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने के साथ-साथ भारत और इंडोनेशिया के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।" उन्होंने आगे कहा, "सेल के लिए यह पहल केवल स्टेनलेस स्टील मूल्य श्रृंखला में विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण, संसाधन सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा 'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना के अनुरूप भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"

सेल (SAIL) के बारे में:

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) एक महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम तथा भारत के सबसे बड़े इस्पात उत्पादकों में से एक है। पांच एकीकृत इस्पात संयंत्रों, तीन विशेष इस्पात संयंत्रों तथा देशभर में मजबूत उपस्थिति के साथ सेल बुनियादी ढांचा, रेलवे, रक्षा, ऊर्जा, इंजीनियरिंग एवं निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की आवश्यकताओं की पूर्ति करता है। नवाचार, सतत विकास (Sustainability) और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ सेल भारत के औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

Press Release No
SAIL/PR/11/26-27
Set Order
538