श्री टी. एन. नटराजन

बोर्ड और संगठन

श्री टी. एन. नटराजन ने वर्ष 1993 में भिलाई इस्पात संयंत्र में प्रबंधन प्रशिक्षु (तकनीकी) के रूप में सेल में अपनी सेवा प्रारंभ की। उनके पास 32 वर्षों से अधिक का विविध अनुभव है, जिसमें लगभग एक-एक दशक का अनुभव उत्पादन, लॉजिस्टिक्स और बिक्री के क्षेत्रों में रहा है। उनका कार्यानुभव अनेक स्थानों और कार्यक्षेत्रों में फैला हुआ है, जिससे उन्हें विनिर्माण संचालन, वेयरहाउस प्रबंधन, विपणन तथा ग्राहक संपर्क का गहन अनुभव प्राप्त हुआ है।

वर्ष 2003 में उनका स्थानांतरण केंद्रीय विपणन संगठन (सीएमओ) के बेंगलुरु वेयरहाउस में किया गया। वर्ष 2009 में चेन्नई में वेयरहाउस प्रबंधक के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण अनुबंधों के समयबद्ध अंतिमकरण, विकासात्मक अवसंरचना कार्यों के निष्पादन, टीएमटी कॉयल्स की डिकोइलिंग दर में सुधार तथा सेल के किसी वेयरहाउस के लिए पहली बार आईएसओ 14001 पर्यावरण प्रमाणन प्राप्त कर अपनी सशक्त नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। इसके पश्चात वर्ष 2014 से 2018 तक त्रिची में शाखा प्रबंधक के रूप में उन्होंने बाजार विस्तार और एमएसएमई क्लस्टर्स को बेहतर सेवा देने पर विशेष ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप वार्षिक बिक्री में वृद्धि हुई।

वर्ष
2018 से 2022 तक सीएमओ की चेन्नई शाखा में प्रमुख खाता प्रबंधक (की अकाउंट मैनेजर) के रूप में उन्होंने प्रमुख ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक संबंध स्थापित करने हेतु सक्रिय रूप से कार्य किया। वर्ष 2022 से पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक के रूप में उन्होंने विपणन टीम की क्षमताओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इस दिशा में उन्होंने मंथली नॉलेज बाइट्स प्रेजेंटेशन और त्रैमासिक इन-हाउस जर्नल जैसी पहलों की शुरुआत की; संप्रेषण कार्यशालाओं के माध्यम से टीम के सॉफ्ट स्किल्स को सशक्त किया; युवा अधिकारियों को बाजार अनुसंधान परियोजनाएँ सौंपीं; जेंडर-न्यूट्रल नेतृत्व विकास को प्रोत्साहित किया तथा पश्चिमी क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं में मजबूत नेतृत्व पाइपलाइन विकसित की। इन पहलों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सेल की बाजार हिस्सेदारी में सुधार हुआ तथा फैब्रिकेशन, अर्थमूविंग इक्विपमेंट, प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग्स और ऑयल एंड गैस जैसे क्षेत्रों में खंडवार वृद्धि दर्ज की गई।

श्री नटराजन ने सेल की विपणन रणनीति को केवल कमोडिटी-आधारित बिक्री से आगे बढ़ाकर समाधान-उन्मुख ग्राहक सहभागिता की दिशा में परिवर्तित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में सेल का पहला रेडी-टू-यूज़ टीएमटी सर्विस सेंटर कालंबोली में स्थापित किया गया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आउटडोर विज्ञापन, व्यापार प्रदर्शनियों तथा डीलर, आर्किटेक्ट एवं स्ट्रक्चरल डिज़ाइनर मीट्स जैसी ब्रांडिंग पहलों में भी सक्रिय योगदान दिया, साथ ही टियर-1 और टियर-2 वितरक मॉडल के माध्यम से विपणन चैनल विस्तार पर भी ध्यान केंद्रित किया।

केंद्रीय विपणन संगठन में उनके कार्यकाल के दौरान सेल ने लंबे समय तक उद्योग से अधिक वृद्धि हासिल की, सेल ब्रांड को सशक्त बनाया, उच्च-मार्जिन वाले क्षेत्रों में विस्तार किया तथा उच्च-प्रदर्शन करने वाली टीमों का निर्माण किया। इसके अतिरिक्त, श्री नटराजन के नेतृत्व ने बाजार हिस्सेदारी में सुधार, लाभप्रदता बढ़ाने, ग्राहक निष्ठा सुदृढ़ करने और प्रतिभा विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।